कौशांबी: कोखराज टोल प्लाजा के पास गैस टैंकर में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

कौशांबी, 26 जून। प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कोखराज टोल प्लाजा के समीप शुक्रवार को एक गैस टैंकर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और टैंकर धू-धू कर जलने लगा। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई तथा हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें काफी दूर तक दिखाई दे रही थीं और मौके पर काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर टोल प्लाजा के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी गई तथा वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया। प्रशासन द्वारा आसपास के क्षेत्र को खाली कराने के भी निर्देश दिए गए ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। अधिकारियों के अनुसार स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के लिए दमकल कर्मी युद्धस्तर पर जुटे हुए हैं।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने