DST-TDB ने स्वदेशी सोया प्रोटीन उत्पादन के लिए सोनिक बायोकेम को सहायता दी

 स्वदेशी सोया प्रोटीन निर्माण को बढ़ावा, TDB-DST ने सोनिक बायोकेम को दी वित्तीय सहायता

नई दिल्ली। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के अंतर्गत प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड (TDB) ने इंदौर स्थित सोनिक बायोकेम एक्सट्रैक्शन्स प्राइवेट लिमिटेड को स्वदेशी कार्यात्मक (FSPC) और संरचित (TSPC) सोया प्रोटीन कंसंट्रेट्स के विकास एवं व्यावसायीकरण के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की है। इस परियोजना के तहत अत्याधुनिक विनिर्माण सुविधा स्थापित की जाएगी, जिससे भारत में उच्च गुणवत्ता वाले पौध-आधारित प्रोटीन उत्पादों का उत्पादन बढ़ेगा।

कंपनी ने स्वदेशी तकनीक विकसित की है, जिसमें आयातित सोया प्रोटीन आइसोलेट (SPI) के बजाय भारत में निर्मित सोया प्रोटीन कंसंट्रेट (SPC) का उपयोग किया जाएगा। इससे उत्पादन लागत कम होगी, आयात पर निर्भरता घटेगी और भारतीय उत्पाद वैश्विक बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बनेंगे।

इन प्रोटीन उत्पादों का उपयोग प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों, प्लांट-बेस्ड मीट, पोषण सप्लीमेंट और कार्यात्मक खाद्य उत्पादों में किया जाएगा। यह परियोजना आत्मनिर्भर भारत अभियान, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को मजबूत करने और कृषि क्षेत्र में मूल्यवर्धन बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

टीडीबी सचिव राजेश कुमार पाठक ने कहा कि यह पहल भारत की खाद्य प्रसंस्करण क्षमता को मजबूत करने, विदेशी मुद्रा की बचत करने और निर्यात के नए अवसर सृजित करने में मदद करेगी। वहीं कंपनी ने कहा कि टीडीबी की सहायता से उसकी स्वदेशी तकनीक का बड़े पैमाने पर व्यावसायीकरण संभव होगा, जिससे भारत गैर-जीएमओ सोया प्रोटीन के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की ओर तेजी से आगे बढ़ सकेगा।


#DST #TDB #SoyProtein #SonicBiochem #AtmanirbharBharat #FoodProcessing #PlantBasedProtein #MakeInIndia #Innovation

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने