शादी का झांसा देकर महिला का शोषण, शादी से इनकार पर मारपीट की धमकी

 शादी का झांसा देकर महिला का शोषण, विरोध पर मारपीट की धमकी देने का आरोप

मऊआइमा। क्षेत्र के रामनगर गंगियारी निवासी एक महिला ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण करने, शादी से इनकार करने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उसे मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पीड़िता के अनुसार, उसका पति पहले ही उसे छोड़ चुका था। इसी दौरान उसकी मुलाकात प्रतापगढ़ जिले के देल्हूपुर थाना क्षेत्र के चघईपुर निवासी एजाज अहमद से हुई। आरोप है कि एजाज ने शादी का भरोसा देकर लंबे समय तक उसके साथ संबंध बनाए, लेकिन जब महिला ने शादी करने का दबाव बनाया तो उसने शादी से इनकार कर दिया।

महिला ने आरोप लगाया कि 24 अप्रैल की शाम एजाज अहमद अपने साथी असलमुद्दीन और मोहम्मद कैफ के साथ उसके घर पहुंचा। वहां तीनों ने उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसका अपमान किया और मारपीट करने की धमकी दी।

पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों से की। उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद पुलिस ने एजाज अहमद, असलमुद्दीन और मोहम्मद कैफ के खिलाफ संबंधित धाराओं तथा दलित उत्पीड़न से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने