प्रयागराज। कीडगंज स्थित ज्ञान पुस्तकालय परिसर से मंगलवार को श्रीमद्भागवत कथा भक्ति ज्ञान यज्ञ के शुभारंभ के अवसर पर भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। प्राचीन दधिकांदो मेला कमेटी कृष्णानगर, त्रिवेणी मार्ग कीडगंज की ओर से आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़े, डीजे, बैंड और ध्वज-पताकाओं के साथ निकली यात्रा से क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया।
मंगल कलश यात्रा से पहले कमेटी के संरक्षक एवं महापौर गणेश केसरवानी ने पत्नी और पूर्व पार्षद सविता केसरवानी के साथ विधि-विधान से देव पूजन, भूमि पूजन और कलश पूजन किया। इसके बाद श्रीमद्भगवद्गीता को सिर पर धारण कर मंगल कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया।
पीले वस्त्रों में महिलाओं ने उठाया कलश
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर सिर पर मंगल कलश लेकर शामिल हुईं। श्रद्धालुओं के साथ डीजे, बैंड, ढोल-नगाड़े और ध्वज-पताकाएं यात्रा का आकर्षण रहे। यात्रा ज्ञान पुस्तकालय कीडगंज से शुरू होकर एडीसी चौराहा पहुंची। यहां से श्रद्धालु यमुना घाट पहुंचे, जहां पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद यात्रा शंकर लाल भार्गव मार्ग, कीडगंज से होते हुए सती शाह चौराहा और त्रिवेणी मार्ग पहुंची। विभिन्न मार्गों से गुजरने के बाद मंगल कलश यात्रा पुनः ज्ञान पुस्तकालय परिसर में संपन्न हुई।
30 सितंबर से होगी श्रीमद्भागवत कथा
कमेटी के मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि 30 सितंबर से ज्ञान पुस्तकालय के प्रांगण में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। पूज्य बटुक जी महाराज प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से श्रद्धालुओं को कथा का श्रवण** कराएंगे। आयोजन को लेकर कमेटी की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम में मनीष केसरवानी, अजय जायसवाल, अमरेश जायसवाल, पार्षद मुकेश कसेरा, बब्बन प्रजापति, आकाश सोनकर, भोला तिवारी, दुर्गेश नंदिनी, राजेश केसरवानी, अंकुश शर्मा, प्रमोद मोदी, राजू पाठक, राजेश सोनकर, गिरिराज मिश्रा, सुभाष चंद्र वैश्य, पप्पू केसरवानी, अजय अग्रहरि, विष्णु त्रिपाठी, मनोज मिश्रा, रमेश पासी, प्रेम नारायण केसरवानी और राजन शुक्ला सहित कमेटी के सैकड़ों सदस्य मौजूद रहे।