महात्मा गांधी की 157वीं जयंती आज, राजघाट पर श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर आज देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। दिल्ली के राजघाट से लेकर गुजरात के पोरबंदर और साबरमती आश्रम तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। देश के साथ विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों में भी गांधी जयंती के अवसर पर कार्यक्रम हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने राजघाट पर दी श्रद्धांजलि

महात्मा गांधी की जयंती पर नई दिल्ली स्थित राजघाट पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री ने गांधी जयंती पर कहा कि महात्मा गांधी का संपूर्ण जीवन सत्य, अहिंसा, करुणा और सेवा का प्रकाश पुंज रहा है। उन्होंने कहा कि बापू के आदर्श हर युग में मानवता के लिए मार्गदर्शक बने रहेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार बेहतर समाज के निर्माण और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में देशवासियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।


साबरमती आश्रम में सर्वधर्म प्रार्थना

गुजरात में भी गांधी जयंती के अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अहमदाबाद स्थित साबरमती आश्रम में सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन किया जाएगा। वहीं, महात्मा गांधी के जन्मस्थान पोरबंदर स्थित कीर्ति मंदिर में भी विशेष प्रार्थना सभा रखी गई है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल पोरबंदर के कीर्ति मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। गांधी जयंती के अवसर पर राज्य के विभिन्न हिस्सों में स्वच्छता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

खादी को बढ़ावा देने की पहल

गांधी जयंती के अवसर पर गुजरात सरकार ने खादी और पॉलीवस्त्र के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए विशेष बाजार प्रोत्साहन की घोषणा की है। सरकार की ओर से इन उत्पादों के लिए 30 प्रतिशत विशेष बाजार प्रोत्साहन-एसआईपी की घोषणा की गई है। महात्मा गांधी ने स्वदेशी, खादी, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता को अपने सामाजिक एवं राष्ट्रीय विचारों में महत्वपूर्ण स्थान दिया था। गांधी जयंती के अवसर पर देशभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से उनके विचारों, सिद्धांतों और सामाजिक संदेशों को याद किया जा रहा है।

राजघाट और साबरमती आश्रम में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभाओं के साथ देशभर में स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम भी किए जा रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने