पीएम मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा’ अभियान का किया शुभारंभ, 1 करोड़ से अधिक युवा जुड़े

 


पीएम मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का किया शुभारंभ, 1 करोड़ से अधिक युवा जुड़े

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अगस्त 2026 को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। इस राष्ट्रव्यापी अभियान से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 28,000 से अधिक स्थानों से जुड़े एक करोड़ से अधिक युवाओं ने भाग लिया। प्रधानमंत्री ने देशवासियों, विशेषकर युवाओं से नशे के खिलाफ इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब देश ने 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य निर्धारित किया है, तब युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ, आत्मविश्वासी और नशे जैसी विनाशकारी आदतों से दूर रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के जाल में फंसने से बचाने के लिए परिवार, समाज और शिक्षण संस्थानों को मिलकर काम करना होगा।

100 सप्ताह तक चलेगा अभियान

प्रधानमंत्री ने बताया कि अभियान के तहत अगले 100 रविवार विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें कला, संस्कृति, खेल और ध्यान से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह पहल पिछले वर्ष काशी से एक प्रायोगिक परियोजना के रूप में शुरू हुई थी और अब राष्ट्रीय अभियान का रूप ले चुकी है। प्रधानमंत्री ने इस अभियान को 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठनों और कई गैर सरकारी संगठनों के सहयोग से आगे बढ़ने की जानकारी दी।

परिवार और शिक्षकों से पीएम मोदी की अपील

प्रधानमंत्री ने परिवारों से बच्चों के साथ खुलकर संवाद करने और नशे की समस्या को सामाजिक प्रतिष्ठा के कारण छिपाने के बजाय जरूरत पड़ने पर चिकित्सा सहायता लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई युवा नशे की लत में फंस भी गया है तो उसके लिए सभी रास्ते बंद नहीं होते।

पीएम मोदी ने कॉलेज और विश्वविद्यालयों के शिक्षकों से भी नशीली दवाओं के दुष्प्रभावों पर छात्रों के साथ चर्चा करने तथा परिसरों में नशा-विरोधी अभियान चलाने का आग्रह किया। उन्होंने नशे की लत से बाहर आने वाले युवाओं को सम्मान और दूसरा मौका देने की अपील करते हुए कहा कि वे कमजोर नहीं, बल्कि असली योद्धा हैं।



#NashaMuktYuva #ViksitBharat #PMModi #NashaMuktBharat #YouthCampaign

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने