प्रयागराज में मंगलवार को राष्ट्रीय हिन्दू संगठन द्वारा एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ़्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने वर्तमान परिस्थितियों में हिन्दू समाज से जुड़े कई अहम मुद्दों पर अपनी स्पष्ट और दृढ़ राय व्यक्त की।
प्रेस कॉन्फ़्रेंस को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय हिन्दू संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्येन्द्र दुबे ‘सत्या’ ने कहा कि जगद्गुरु शंकराचार्य पूज्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज द्वारा गौमाता को “राष्ट्रमाता” घोषित करने की उठाई गई मांग का संगठन पूर्ण समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण आधार रही हैं, इसलिए उन्हें राष्ट्रमाता का सम्मान मिलना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और पूज्य शंकराचार्य महाराज के बीच इस मुद्दे को लेकर जो मतभेद सामने आए हैं, उस विषय में राष्ट्रीय हिन्दू संगठन शंकराचार्य महाराज के पक्ष में खड़ा है। संगठन का मानना है कि गौमाता के सम्मान और संरक्षण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
अध्यक्ष सत्येंद्र दुबे ने जानकारी दी कि इस मांग को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के लिए संगठन द्वारा जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 11 मार्च 2026 को संगठन की देशभर में फैली लगभग 250 जिला इकाइयों के माध्यम से संबंधित जिलाधिकारियों को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज की आस्था और संस्कृति के सम्मान की रक्षा करना हर भारतीय का कर्तव्य है और राष्ट्रीय हिन्दू संगठन इस दिशा में लगातार सक्रिय रहेगा। ज्ञापन के माध्यम से प्रधानमंत्री से अनुरोध किया जाएगा कि करोड़ों हिन्दुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने पर विचार करें।
प्रेस कॉन्फ़्रेंस के अंत में संगठन की राष्ट्रीय परिषद के वरिष्ठ सदस्य महेन्द्र नाथ मिश्र ने सरकार से अपील की कि इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जाए, ताकि देश की सनातन एवं सांस्कृतिक भावनाओं का सम्मान सुनिश्चित हो सके। वहीं संगठन के निर्णायक मंडल के अध्यक्ष श्री अभयानंद मिश्र ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए इस मांग का समर्थन किया।
इस अवसर पर संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
#RHS #राष्ट्रीय हिन्दू संगठन #Satyendradubey #rhsnews
Tags
Prayagraj