देश में 57 केंद्रीय विश्वविद्यालय संचालित, 3.09 लाख से अधिक छात्र कर रहे पढ़ाई

नई दिल्ली, 27 जुलाई 2026। देश में वर्तमान समय में 57 केंद्रीय विश्वविद्यालय संचालित हैं, जिनमें से 47 केंद्रीय विश्वविद्यालय शिक्षा मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण में कार्य कर रहे हैं। शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने सोमवार को लोकसभा में एक लिखित उत्तर के माध्यम से यह जानकारी दी।

मंत्री ने बताया कि शिक्षा मंत्रालय के अधीन आने वाले केंद्रीय विश्वविद्यालयों में सिंधु केंद्रीय विश्वविद्यालय को छोड़कर सभी विश्वविद्यालय स्नातक (UG) कार्यक्रम संचालित कर रहे हैं। इन 47 विश्वविद्यालयों में वर्तमान में 3,09,542 छात्र विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत हैं। 

सरकार के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में दो नए केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं। इनमें तेलंगाना का सम्मक्का सरक्का केंद्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय और केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का सिंधु केंद्रीय विश्वविद्यालय शामिल हैं। इन संस्थानों की स्थापना का उद्देश्य उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ाना और क्षेत्रीय विकास को प्रोत्साहित करना है।

लोकसभा में दिए गए उत्तर के अनुसार सभी केंद्रीय विश्वविद्यालय संसद द्वारा पारित संबंधित अधिनियमों के तहत स्थापित स्वायत्त संस्थान हैं। ये विश्वविद्यालय अपने अधिनियम, विधानों और अध्यादेशों के अनुसार शैक्षणिक तथा प्रशासनिक निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र हैं।

शिक्षा मंत्रालय ने यह भी बताया कि केंद्रीय विश्वविद्यालय सतत (Sustainable) परिसर विकास को बढ़ावा देने के लिए कई पर्यावरण-अनुकूल पहल कर रहे हैं। इनमें रूफटॉप सोलर प्लांट, सौर जल-तापन प्रणाली, वर्षा जल संचयन, अपशिष्ट जल एवं ठोस कचरा प्रबंधन, वृक्षारोपण और जैव विविधता संरक्षण जैसी योजनाएं शामिल हैं।

इसके अलावा मंत्रालय ने केंद्रीय विश्वविद्यालय ओडिशा में हरित ऊर्जा भवन के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई है। वहीं गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ ने परिसर की जल निकासी व्यवस्था, शैक्षणिक भवनों, आवासीय सुविधाओं और छात्रावासों के विकास की आवश्यकता चिन्हित की है।

लोकसभा में प्रस्तुत विवरण के अनुसार उत्तर प्रदेश, दिल्ली, तेलंगाना, बिहार, राजस्थान, गुजरात, तमिलनाडु, पंजाब, जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में केंद्रीय विश्वविद्यालय संचालित हैं, जो देश में उच्च शिक्षा को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

#CentralUniversity #EducationNews #HigherEducation #LokSabha #EducationMinistry #IndiaEducation #UniversityNews #PrayagrajCityNews

https://www.prayagrajcitynews.in/2026/07/blog-post_813.html

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने