डॉ. मनसुख मांडविया ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 के कांस्य पदक विजेता झंडू कुमार को किया सम्मानित

 डॉ. मनसुख मांडविया ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 के कांस्य पदक विजेता झंडू कुमार को किया सम्मानित

नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत के लिए पहला पदक जीतने वाले पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने सोमवार को अपने आवास पर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंत्री ने उन्हें ₹10 लाख का नकद पुरस्कार प्रदान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले 29 वर्षीय झंडू कुमार ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों के पुरुष हेवीवेट वर्ग में 190 किलोग्राम भार उठाकर कांस्य पदक अपने नाम किया। यह राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत का पहला पदक भी है।

सम्मान समारोह के दौरान झंडू कुमार ने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि खेल में उनकी उपलब्धि के लिए उन्हें केंद्रीय मंत्री से सम्मान मिलेगा। उन्होंने बताया कि डॉ. मनसुख मांडविया ने उनसे स्कॉटलैंड में प्रतियोगिता के अनुभव और भविष्य की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की, जिससे उन्हें काफी प्रेरणा मिली।

झंडू कुमार की सफलता का सफर संघर्षों से भरा रहा है। जून 2023 में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, गांधीनगर में प्रशिक्षण शुरू करने से पहले वे अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए सब्जियां बेचते थे और ई-रिक्शा भी चलाते थे। मुख्य पैरा कोच राजेंदर राहेलू के मार्गदर्शन में उन्होंने अपने खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

उन्होंने बताया कि पदक जीतने के बाद देशभर से लगातार बधाइयां मिल रही हैं। विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोशल मीडिया पर दी गई बधाई उनके लिए बेहद भावुक और प्रेरणादायक पल था। झंडू ने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रोत्साहन खिलाड़ियों का मनोबल कई गुना बढ़ा देता है और यही भारतीय खेलों की लगातार सफलता का एक बड़ा कारण है।

इससे पहले झंडू कुमार खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2024 में रजत और खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025 में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। अब उनका अगला लक्ष्य 18 से 24 अक्टूबर 2026 तक जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले एशियाई पैरा खेल हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कड़ी मेहनत और देशवासियों के आशीर्वाद से वह भारत के लिए एक और पदक जीतने का पूरा प्रयास करेंगे।

#JhanduKumar #CommonwealthGames2026 #ParaPowerlifting #MansukhMandaviya #TeamIndia #SportsNews #India #KheloIndia #AsianParaGames #PrayagrajCityNews

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने